उझानी ।न्यू साईं नगर, बुर्रा रोड रेलवे क्रॉसिंग निवासी सेना में कार्यरत किशन पाल की 15 वर्षीय पुत्री तनिष्का यादव का लखनऊ आर्मी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान निधन हो गया। तनिष्का के असामयिक निधन से परिवार और विद्यालय में शोक व्याप्त है।तनिष्का एस्सेल विद्यालय की पूर्व छात्रा थी। कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा में उसने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया था। अंग्रेजी विषय में 99 अंक लाकर उसने अपनी प्रतिभा का विशेष परिचय दिया था। शिक्षकों के अनुसार वह मेहनती, अनुशासित और प्रतिभाशाली छात्रा थी।परिजनों ने बताया कि पिछले एक माह से तनिष्का स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थी। प्रारंभिक उपचार बरेली सेना अस्पताल में चला। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ आर्मी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां 23 जून की शाम उसने अंतिम सांस ली। तनिष्का परिवार की बड़ी और इकलौती बेटी थी।एस्सेल परिवार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “असमय बुझ गया यह दीप, लेकिन इसकी रोशनी और यादें सदैव हमारे साथ रहेंगी।”विद्यालय प्रबंधन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल माता श्रीमती नीतू यादव एवं पिता किशन पाल को यह दुःख सहने की शक्ति देने की कामना की।तनिष्का का निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उसकी मेहनत और उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेंगी।