उझानी ।कोतवाली क्षेत्र के गांव मिहोना में बुधवार रात एक 32 वर्षीय युवक ने ससुराल से लौटने के बाद घर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।मृतक की पहचान भविष्य (32) पुत्र रूपसिंह निवासी ग्राम मिहोना के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि भविष्य मंगलवार को थाना कुंवर गांव क्षेत्र के गांव पड़ौलिया स्थित अपनी ससुराल में एक दावत में गया था। वहां से लौटने के कुछ घंटे बाद बीती रात उसने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।तबीयत बिगड़ती देख परिवार के लोग तुरंत उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज भागे, मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। भविष्य कृषि उत्पादन मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। उसकी मौत से दो मासूम बच्चों के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायती पत्र मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।