दातागंज। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के उपलक्ष्य में विकास खंड दातागंज परिसर में क्षेत्रीय पंचायत बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” ने प्रतिभाग किया और ग्राम प्रधानों को सम्मानित करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय ग्राम स्वराज, ग्रामीण विकास तथा पंचायतों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान गांवों के विकास की धुरी हैं और अब उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का अवसर मिला है। विधायक ने ग्राम प्रधानों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनता का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही आगामी ग्राम प्रधान चुनाव के मद्देनजर ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की भी अपील की। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह, नगर पंचायत चेयरमैन अनूप गुप्ता, अमित कुमार सिंह “रिंकू भैया”, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पंचायतों के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई। समारोह के अंत में ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया तथा पंचायतों को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।