बरेली। नवाबगंज स्थित बंद पड़ी ओसवाल चीनी मिल के किसानों का बकाया गन्ना भुगतान दिलाए जाने की मांग को लेकर किसानों ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महानगर अध्यक्ष दिनेश गुप्ता उर्फ दद्दा तथा कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने बताया कि नवाबगंज की ओसवाल चीनी मिल लंबे समय से बंद पड़ी है। मिल पर वर्ष 2023-24 तथा 2024-25 गन्ना सत्र का किसानों का लगभग 70 करोड़ रुपये का भुगतान बकाया है। भुगतान न मिलने से क्षेत्र के हजारों किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।महानगर अध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने कहा कि गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के मुद्दे को लेकर कई बार आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किए जा चुके हैं। किसानों ने तहसील नवाबगंज में कई दिनों तक धरना दिया तथा मंडलायुक्त से भी मुलाकात कर अपनी समस्या रखी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। उन्होंने बताया कि 6 जून को भी बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से केवल आश्वासन ही मिला, जबकि किसानों की समस्या जस की तस बनी हुई है। किसानों ने ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की कि ओसवाल चीनी मिल के गन्ना किसानों का लंबित भुगतान तत्काल प्रभाव से कराया जाए, ताकि आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे किसानों को राहत मिल सके। उन्होंने सरकार से इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की।इस मौके पर सुरेश दिवाकर, राज गंगवार , सालिक राम , सुरेश चंद्र , हरवंश , रितेश कुमार , दिनेश दद्दा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।