बरेली: लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में फायर सेफ्टी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों और सिटी मॉल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, अग्निशमन व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। वीसी ने संबंधित संस्थानों के संचालकों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रखी जाएं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी संस्थानों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। अभियान में सीओ प्रथम आशुतोष शिवम , सी एफ ओ मनु शर्मा और बड़ी संख्या में पुलिस मौजूद रही।