सत्पुरुष बाबा फुलसंदे वालों के स्वागत में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सैकड़ों धर्मप्रेमियों ने भव्य शोभायात्रा निकालकर किया अभिनंदन
बदायूं। “एक तू सच्चा तेरा नाम सच्चा” मंत्र के प्रवर्तक एवं प्रसिद्ध संत ऋषि सत्पुरुष बाबा फुलसंदे वालों का रविवार को बदायूं आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। चंदौसी रोड स्थित भारद्वाज फर्नीचर हाउस पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव संजीव शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों धर्मप्रेमियों, शिक्षकों और श्रद्धालुओं ने बाबा का फूल-मालाओं से स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सत्पुरुष बाबा फुलसंदे वालों ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य प्रभु का नित्य स्मरण करना और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ पालन करना है। उन्होंने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन अपनाने तथा समाज में सद्भाव और सेवा की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
स्वागत समारोह के उपरांत बाबा की भव्य शोभायात्रा नवादा चौराहा से प्रारंभ होकर दातागंज चुंगी, माझिया रोड होते हुए आवास विकास स्थित आवास तक निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा विभिन्न स्थानों पर बाबा का पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
आवास विकास स्थित कार्यक्रम स्थल पर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों, शिक्षकों, “एक तू सच्चा तेरा नाम सच्चा” धर्मार्थ समिति बदायूं के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित धर्मप्रेमियों ने बाबा का भव्य अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं ने बाबा से आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक राजमहल गार्डन में सत्पुरुष बाबा फुलसंदे वालों की अमृतवाणी से सत्संग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। सत्संग में बाबा मानव कल्याण, आध्यात्मिक उन्नति और नैतिक मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।















































































