बरेली। इज्जतनगर स्थित केंद्रीय कारागार (सेंट्रल जेल) से सोमवार दोपहर एक उम्रकैद का कैदी फरार हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पांच जेल वार्डरों और दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।फरार कैदी की पहचान दिनेश पुत्र अरविंद निवासी नेनेडा राजपूत, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा के रूप में हुई है। दिनेश पॉक्सो एक्ट के एक मामले में बिजनौर से उम्रकैद की सजा पाए हुए था और पिछले छह वर्षों से बरेली केंद्रीय कारागार में बंद था। जानकारी के अनुसार सोमवार को करीब 40 कैदियों को जेल के फार्म हाउस में काम करने के लिए ले जाया गया था। उनकी निगरानी के लिए 10 से 12 वार्डर तैनात थे। इसी दौरान दिनेश मौका पाकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि जेल फार्म हाउस की कोई चारदीवारी नहीं है। इससे पहले भी एक कैदी ट्रैक्टर चलाते हुए वहां से फरार हो चुका है। प्रारंभिक जांच में निगरानी में चूक सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। वहीं, जेल प्रशासन की सूचना पर बिजनौर और अमरोहा पुलिस भी सक्रिय हो गई है तथा फरार कैदी की तलाश में उसके घर समेत संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।