बदायूं। थाना कादरचौक क्षेत्र के उसहैत रोड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। ई-रिक्शा से उतर रही बच्ची को तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद एम्बुलेंस चालक वाहन सहित फरार हो गया। जानकारी के अनुसार थाना उसहैत क्षेत्र के गांव गौरी नगला निवासी श्याम सिंह की 6 वर्षीय पुत्री कोमल अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी से वापस घर लौट रही थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे परिवार कादरचौक-उसहैत रोड पर ई-रिक्शा से उतर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक एम्बुलेंस ने कोमल को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद एम्बुलेंस का पहिया बच्ची के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि कोमल पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। उसकी असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप समेत अन्य परिजनों का दुख देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। सूचना मिलने पर थाना कादरचौक पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार एम्बुलेंस चालक की तलाश की जा रही है। थाना कादरचौक पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।