बरेली। थाना आंवला पुलिस ने हत्या के प्रयास, अपहरण के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश संजय यादव को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। आरोपी के दो साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 19 जून को कौशल प्रजापति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि संजय यादव और उसके साथियों ने लोहे की रॉड से हमला कर उसे जान से मारने का प्रयास किया। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। संजय यादव पहले से ही गैंगस्टर एक्ट समेत तीन मामलों में वांछित था और उस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेवती तिराहे के पास कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार घिरने पर संजय यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल रविशंकर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने कौशल प्रजापति पर हमले की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपियों संजू यादव और ज्ञानदीप की तलाश जारी है।