उझानी । थाना क्षेत्र के पीयरखंदना गांव में मातम का माहौल है। गांव के ही एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए 35 वर्षीय युवक की गंगा में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।पीयरखंदना गांव निवासी शेर सिंह (35) गांव के कुछ लोगों के साथ कछला गंगा घाट पर एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। अंतिम संस्कार की विधि पूरी करने के बाद शेर सिंह गंगा स्नान करने के लिए नदी में उतरे। बताया जा रहा है कि स्नान करते समय उनका पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए।शेर सिंह को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर गोताखोर तुरंत गंगा में कूदे और कड़ी मशक्कत के बाद शेर सिंह को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला।परिजन आनन-फानन में शेर सिंह को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने सोमवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के इन शब्दों को सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।शेर सिंह की मौत की खबर मिलते ही पीयरखंदना गांव में मातम पसर गया। घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि शेर सिंह हंसमुख और मिलनसार स्वभाव का था। उसकी असमय मौत से गांव ने एक होनहार युवक खो दिया। एक साथ दो मौतों से गांव में शोक की लहर है।