बदायूं। जिले में एक हृदयविदारक हादसे में बीसीए की छात्रा की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र में शेखूपुर नदी के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार थाना उसावा क्षेत्र के गांव सेहा निवासी 18 वर्षीय रानया पुत्री मुनेशपाल शनिवार सुबह करीब सात बजे घर से निकली थी। परिजनों ने बताया कि रानया ने शेखूपुर स्थित आशिम सिद्दीकी डिग्री कॉलेज में बीसीए में प्रवेश लिया था। बाद में उसके भाई रवि ने उसे किसी अन्य शिक्षण संस्थान में प्रवेश लेने की सलाह दी। इसी कारण वह कॉलेज में जमा फीस वापस लेने के लिए बदायूं से ट्रेन द्वारा शेखूपुर जा रही थी।बताया जाता है कि शेखूपुर नदी के पास ट्रेन से उतरने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और छात्रा के पास मिले आई-कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई। इसके बाद परिजनों को फोन कर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। जवान बेटी की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस और जीआरपी घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई हैं। क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा बनी हुई है।