बहेड़ी। थाना बहेड़ी क्षेत्र के चुरैली नहर पुलिया के पास महिलाओं से कुंडल लूटने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो बदमाश मौके से फरार हो गए। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार 18 जून को चंद्रपाल निवासी कनमन थाना देवरनियां ने तहरीर देकर बताया था कि वह अपनी पत्नी और सलहज के साथ ससुराल से लौट रहे थे। चुरैली नहर पुलिया के पास दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने महिलाओं के कानों के कुंडल लूट लिए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस, एसओजी और थाना बहेड़ी की संयुक्त टीम गठित की गई। शनिवार-रविवार की रात पचपेड़ा चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध बाइकों का पीछा किया। ग्राम लभेदी के पास दोनों बाइक गिर गईं। इसके बाद बदमाश खेतों की ओर भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में विकास उर्फ बनवारी लाल और सौरभ के पैरों में गोली लगी, जबकि ललित और सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए एक जोड़ी कानों के टॉप्स, तीन अवैध तमंचे, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार दो बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।