उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं के थाना वजीरगंज क्षेत्र के कस्बे में उस समय मचा हाई वोल्टेज ड्रामा आखिरकार कई घंटे की मशक्कत के बाद समाप्त हो गया, जब एवीएस स्कूल के पीछे स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक नागरिकों और पुलिस की संयुक्त समझाइश के बाद सुरक्षित नीचे उतर आया।बताया जा रहा है कि युवक काफी देर से टॉवर पर चढ़ा हुआ था, जिससे मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए स्थानीय पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और आसपास के लोगों की मदद से युवक को लगातार समझाने का प्रयास किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान जिला बरेली के तहसील आंवला क्षेत्र के गांव अलीगंज निवासी 24 वर्षीय नदीम पुत्र दन्ने के रूप में बताई जा रही है। हालांकि पुलिस द्वारा अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें थाना वजीरगंज क्षेत्र के मोहल्ला बनिया निवासी 24 वर्षीय फरजाना का नाम सामने आ रहा है। हालांकि दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।कई घंटों की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया और उसे थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युवक के परिजनों को भी थाने बुला लिया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई है।