बदायूँ। मदर एथीना स्कूल में आज ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर में एक भव्य योग प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्त्व पर प्रकाश डालने के साथ हुई। विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने आयुष मंत्रालय के निर्देशों के अंतर्गत आयुष प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए योग प्रशिक्षिका निधि सक्सेना के निर्देशन में विभिन्न योगासनों, सूर्य नमस्कार और प्राणायाम का सघन अभ्यास किया। इस कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधानुसार ऑनलाइन तथा ऑफलाइन माध्यम से विद्यालय के सभागार में किया गया। जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों द्वारा बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया। इसके अलावा इस अवसर पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसमें प्रतिभाग कर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस अवसर पर विद्यालय की निर्देशिका महोदया चयनिका सारस्वत ने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह मानसिक शांति और एकाग्रता के लिए भी अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।