बदायूँ। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में बदायूं क्लब सभागार में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक सुश्री गुंजन ने उपस्थित लोगों को प्राणायाम, कपालभाति, सूर्य नमस्कार, भस्त्रिका सहित विभिन्न योगासन एवं योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने सभी उपस्थितजनों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की कुंजी है तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार से समाज को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में शिवम वैश्य, नरेश शंखधार, मयंक गुप्ता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे और योगाभ्यास में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।