बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में जनपद में प्रत्येक शनिवार को चलाए जाने वाले ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) चेकिंग अभियान के तहत शनिवार सुबह व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराना रहा। पुलिस द्वारा सुबह 5 बजे से 7 बजे तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 517 स्थानों पर लाउडस्पीकरों की जांच की गई। जांच में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 90 लाउडस्पीकरों की आवाज को नियमानुसार कम कराया गया।थाना शेरगढ़ क्षेत्र में 17 स्थानों पर चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर 5 लाउडस्पीकर उतरवाए गए। इसके अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों में ध्वनि स्तर अधिक पाए जाने पर संबंधित संचालकों को निर्देश देकर आवाज को निर्धारित सीमा के अनुरूप कराया गया।पुलिस अधिकारियों ने अभियान के दौरान लोगों को ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के प्रति जागरूक करते हुए भविष्य में भी नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि जनपद में शांति व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखा जा सके। बरेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करें तथा ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।