डीएम-एसएसपी ने संपूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं, 34 में से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
बिसौली। जिलाधिकारी अवनीश राय ने शनिवार को तहसील बिसौली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनसमस्याओं का समाधान सर्वोपरि है और शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए।बिसौली तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 34 शिकायती एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 32 शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए।डीएम अवनीश राय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए तथा उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से भी संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा और फीडबैक लिया जाता है, इसलिए अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर जांच एवं निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही निस्तारण प्रक्रिया की फोटोग्राफी कराने और यदि किसी शिकायत का निस्तारण नियमानुसार संभव न हो तो शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से अवगत कराने को कहा।संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 8, पुलिस विभाग की 9, विकास विभाग की 2, समाज कल्याण विभाग की 1, विद्युत विभाग की 2 तथा अन्य विभागों से संबंधित 12 शिकायतें शामिल रहीं। विद्युत विभाग से संबंधित दोनों शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य 32 मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।















































































