बरेली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा विशेष योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में योगाचार्य संदीप भाई ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार सक्सेना ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। आईपीएस अधिकारी विकास ने भी योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और इसे स्वस्थ समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम बताया।राजयोगिनी पार्वती दीदी ने ध्यान (मेडिटेशन) की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं, बल्कि मन को शांत और सकारात्मक बनाने की शक्ति भी है। वहीं राजयोगिनी नीता दीदी ने नियमित योग और ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रह्माकुमारी पारुल बहन, रजनी बहन, अनुराग भाई सहित संस्था के अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर डॉ. अतुल, डॉ. मौर्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य योग एवं राजयोग के माध्यम से स्वस्थ, शांत और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।