भारत को विश्व गुरु बनाने में शिक्षा की अहम भूमिका, उत्कृष्ट शिक्षक व छात्र हुए सम्मानित
बदायूं। सुशासन को समर्पित केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को डायट परिसर ऑडिटोरियम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विकास प्रदर्शनी एवं शैक्षिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं देशभक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना होगा। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास सफलता की कुंजी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भयमुक्त और विकासोन्मुखी प्रदेश के रूप में उभरा है। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा तथा श्रेष्ठा योजना परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों एवं विभिन्न विषयों में बेहतर शैक्षिक योगदान देने वाले 10 शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र सिंह, डायट प्राचार्य गिरजेश चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार, वरिष्ठ प्रवक्ता राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।















































































