बरेली। बरेली जंक्शन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरेली क्लब कर्मचारी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरेली क्लब के कर्मचारी राजेंद्र सिंह रावत के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार राजेंद्र सिंह रावत मंगलवार सुबह किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इस दौरान उनकी पत्नी कैंसर के इलाज के सिलसिले में अपने छोटे बेटे के साथ वाराणसी गई हुई थीं, जबकि बड़ा बेटा रोशन सिंह रावत अपने बच्चों को लेने के लिए पहाड़ स्थित ससुराल गया हुआ था। ऐसे में राजेंद्र रावत घर पर अकेले रह रहे थे। बताया जाता है कि बुधवार को जब उनकी पत्नी वाराणसी से वापस घर पहुंचीं तो बरेली क्लब के कर्मचारियों ने उन्हें सूचना दी कि स्टेशन रोड स्थित होटल रेडियंस के पास एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राजेंद्र सिंह रावत के रूप में की। राजेंद्र रावत बरेली क्लब में कई वर्षों से कार्यरत थे और अपने मिलनसार स्वभाव के कारण कर्मचारियों व परिचितों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनकी अचानक मौत की खबर से क्लब कर्मचारियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।