बदायूँ। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने गुरुवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद दोनों अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान रोड सेफ्टी व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों तथा मार्ग पर संभावित अवरोधों का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।डीएम और एसएसपी ने विशेष रूप से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।