बरेली में मोहर्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में हुई सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में साफ कर दिया गया कि इस बार मोहर्रम पर कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी। साथ ही ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से ज्यादा नहीं रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी खास इंतजाम किए हैं। जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जुलूसों पर पूरी नजर रखी जाए और किसी भी विवाद की स्थिति को समय रहते रोका जाए। ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से ज्यादा नहीं होगी और कोई नई परंपरा भी शुरू नहीं की जाएगी। बैठक में जुलूस मार्गों पर लटकते बिजली के तार, गड्ढों और जलभराव की समस्याएं भी उठाई गईं। डीएम ने संबंधित विभागों को मोहर्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं जुलूस के दौरान बिजली विभाग और पुलिस की टीम साथ रहेगी ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।