बरेली। थाना क्योलड़िया पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि अन्य पांच आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार 17 जून को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिजली के खंभों से तार चोरी करने वाला गिरोह अंटगा चांदपुर मजार के पास भट्टे के आसपास घूम रहा है और चोरी की योजना बना रहा है। सूचना पर पुलिस ने धनौर जागीर क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आसिफ पुत्र नन्हे निवासी अर्शियाभोज, बहेड़ी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से मोहम्मद हसीन, इस्तिकार, मुजम्मिल, मोहम्मद रेहान तथा बाद में उनकी निशानदेही पर दूसरे वाहन में इंतजार कर रहे आसिफ पुत्र बसीर अहमद को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, महिंद्रा केयूवी-100 और बोलेरो वाहन, बिजली के तार, ट्रांसफार्मर तेल, तांबे का तार, तार काटने की मशीन, विभिन्न उपकरण, पांच मोबाइल फोन तथा 3650 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं सहित कई वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है। घायल आरोपी को अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरोह के आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी है।