बरेली। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा कृषि क्षेत्र के ग्राहकों और किसानों को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं, कृषि उत्पादों एवं नवाचारों से जोड़ने के उद्देश्य से स्टेशन रोड स्थित स्वर्ण टावर में “स्मार्ट एग्री कस्टमर मीट” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बरेली, पीलीभीत, बदायूं, रामपुर, बिजनौर और मुरादाबाद के सम्मानित ग्राहकों एवं किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विमल किशोर, महाप्रबंधक नेटवर्क-1 लखनऊ मंडल, सहायक महाप्रबंधक (कृषि) अशोक कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक बरेली मंडल आशीष कुमार तथा छह क्षेत्रीय प्रबंधकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।मुख्य अतिथि विमल किशोर ने अपने संबोधन में कृषि क्षेत्र में बैंक द्वारा किए जा रहे नवाचारों, तकनीक आधारित बैंकिंग समाधानों और कृषि वित्त को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बैंक की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों से आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं और कृषि उत्पादों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस दौरान कृषि ऋण, आधुनिक कृषि वित्तपोषण, मूल्य संवर्धन आधारित वित्तीय समाधान, डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं तथा सरकार प्रायोजित योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। साथ ही बैंक के विभिन्न उत्पादों एवं सेवाओं की भी जानकारी साझा की गई। ओपन हाउस चर्चा में किसानों और ग्राहकों ने बैंक अधिकारियों के साथ संवाद कर अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए। प्रगतिशील किसानों ने अपनी सफलता की कहानियां भी प्रस्तुत कीं और कृषि क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज कुमार राय ने सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, ग्राहकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बैंक की निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई।