बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने मोबाइल छिनैती के मामले में वांछित चल रहे आरोपी अमन उर्फ शगुन भारद्वाज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 12 जून को पुराना चांदमारी निवासी विशाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बीडीए गेट के पास मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी बाइक सवार दो बदमाश उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना सुभाषनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई थी। अभियुक्तों की तलाश के दौरान 17 जून को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदायूं-बरेली मार्ग से ग्राम मिलक जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर अमन उर्फ शगुन भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी 16 जून की रात हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान अपने साथी समीर को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया था। गिरफ्तार आरोपी अमन उर्फ शगुन भारद्वाज (25) पुत्र जय प्रकाश, बीडीए कॉलोनी करगैना, थाना सुभाषनगर का निवासी है। उसके खिलाफ पहले भी मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।