बदायूं। जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। उझानी-कछला मार्ग पर बरेली-मथुरा हाईवे स्थित करुआ पुल के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग उझानी क्षेत्र के माधवपुर गांव निवासी बताए जा रहे हैं, जो गधोना गांव में भात मांगने के कार्यक्रम में शामिल होने ई-रिक्शा से जा रहे थे।हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई। तीन घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि ई-रिक्शा चालक भी घायल हुआ है। हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे से माधवपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।