बदायूं। जनपद के उसावां थाना क्षेत्र में प्रेम और आस्था का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां मुस्लिम युवती हिरा नाजवी ने सनातन धर्म अपनाते हुए अपना नाम हिमांशी रख लिया और अपने प्रेमी अतुल के साथ वैदिक रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। दोनों का प्रेम संबंध करीब दो वर्षों से चल रहा था, जिसे अब उन्होंने शादी के बंधन में बदल दिया।जानकारी के अनुसार हिरा नाजवी और अतुल एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों ने सामाजिक और धार्मिक बाधाओं को पीछे छोड़ते हुए मंदिर में सात फेरे लिए तथा हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न किया। विवाह के दौरान अतुल ने हिमांशी की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी जीवनसंगिनी के रूप में स्वीकार किया।विवाह समारोह मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जहां पुजारी मुकेश चंद मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह कराया। इस अवसर पर अतुल के परिजन तथा बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। बताया जा रहा है कि युवती की सनातन धर्म के प्रति गहरी आस्था थी और वह अपने प्रेम को विवाह का रूप देना चाहती थी। इसी उद्देश्य से उसने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाकर हिमांशी नाम धारण किया। विवाह के बाद दोनों ने साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया है। यह विवाह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग नवदंपति को शुभकामनाएं दे रहे हैं।