बरेली। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर के बीच चौपला पुल को मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद बुधवार को आम जनता के लिए खोल दिया गया। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने विधिवत पूजन-अर्चन कर पुल का शुभारंभ किया और इसे जनता को समर्पित किया। चौपला पुल के मरम्मत कार्य के लिए 45 दिनों की समय सीमा निर्धारित की गई थी, लेकिन कार्य को तेज गति से पूरा कर मात्र 30 दिनों में ही पुल को आवागमन के लिए तैयार कर दिया गया। पुल के खुलने से बदायूं , आगरा , सुभाषनगर और मढ़ीनाथ क्षेत्र के हजारों लोगों को लंबे डायवर्जन और जाम की समस्या से बड़ी राहत मिली है। विधायक संजीव अग्रवाल ने बताया कि जून के प्रथम सप्ताह में उन्होंने पुल का निरीक्षण किया था, जहां कार्य की गति बेहद धीमी पाई गई थी और मौके पर केवल चार-पांच मजदूर ही कार्यरत थे। इस पर उन्होंने संबंधित इंजीनियरों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मरम्मत कार्य में तेजी आई और पुल निर्धारित समय से पहले तैयार हो सका। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सेतु निगम और ठेकेदार की लापरवाही के कारण कार्य में अनावश्यक देरी हुई, जबकि यह काम दस दिन पहले भी पूरा किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा सर्वोपरि है और विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। शुभारंभ कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता राज बहादुर सक्सेना, प्रांतीय परिषद सदस्य शिशुपाल कठेरिया, अरुण कश्यप, अमरीश कठेरिया, मंजीत सिंह नागपाल, हरवंश सिंह, मंडल अध्यक्ष सुधीर भटनागर, पार्षद श्याम सिंह चौहान, संतोष कश्यप, रितिका किशोर, चंद्रपाल आर्य, सौरभ कुमार, संजीव रस्तोगी, हरीश बाबू वाल्मीकि, अशोक चौहान, सागर मौर्य, सुभाष वर्मा, हर्षित गुप्ता, धर्मेंद्र शर्मा, गोलू सक्सेना, अमन सक्सेना, विशाल सिंह, बिंदु, प्रदीप रोहिल्ला, नीरज श्रीवास्तव सहित भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।