बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर बुधवार को रॉन्ग साइड से आ रहे एक ऑटो ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए फ्लाईओवर पर रॉन्ग साइड से आ रहा था। इसी दौरान उसने एक के बाद एक तीन बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार ऑटो संख्या यूपी-22 सीटी-1061 का चालक आनंद स्वरूप पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी कस्बा मिलक, रामपुर है। हादसे में शाहजहांपुर निवासी सतपाल पुत्र द्वारिका प्रसाद और उनकी पत्नी गुड्डी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा ग्राम मांडवा बंशीपुर, थाना शाही निवासी हरिशंकर पुत्र धर्मपाल भी ऑटो की चपेट में आकर घायल हो गया। अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां दो घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में लेकर यातायात को सुचारू कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।