स्व. साहू पोशाकी लाल एवं बांके लाल की स्मृति में एसपीएल अंडर-21 सीजन-2 का ऑक्शन हुआ, खिलाड़ियों का हुआ भव्य सम्मान
बदायू।। नगर पंचायत वजीरगंज में एक बैंकट हॉल में स्वर्गीय साहू पोशाकी लाल एवं स्वर्गीय बांके लाल की स्मृति में आयोजित होने वाले एसपीएल अंडर-21 क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 के ऑक्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों का सम्मान किया गया तथा आगामी टूर्नामेंट को लेकर व्यापक तैयारियों की जानकारी साझा की गई। आयोजन में क्षेत्र के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्थ गौतम (प्रो-चांसलर, इवर्टिस यूनिवर्सिटी), अध्यक्ष पार्थ गौतम फाउंडेशन एवं प्रधान सेवक युवा सेवक संघ का वजीरगंज पहुंचने पर आयोजकों और दूर-दराज से आए खिलाड़ियों ने फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।मुख्य अतिथि पार्थ गौतम ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और बेहतर भविष्य निर्माण का सशक्त आधार हैं। उन्होंने युवाओं से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।आयोजकों ने बताया कि एसपीएल अंडर-21 क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 का आयोजन नगर पंचायत वजीरगंज स्थित श्री साहू पोशाकी लाल कन्या इंटर कॉलेज के मैदान में किया जाएगा। इस अवसर पर टूर्नामेंट का स्वागत एवं अभिनंदन पोस्टर भी जारी किया गया तथा क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।पूरे कार्यक्रम के दौरान खेल और युवाशक्ति के प्रति उत्साह का माहौल बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में अमित कुमार वार्ष्णेय, सनी वार्ष्णेय, रोविन वार्ष्णेय, अनमोल वार्ष्णेय, दीपेश वार्ष्णेय, मुकेश कुमार वार्ष्णेय (डेयरी), आदित्य कुमार वार्ष्णेय एवं निखिल कुमार वार्ष्णेय सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया गया।















































































