बरेली। शिव शक्ति रक्तदान सेवा समिति, बरेली के तत्वावधान में कुदशिया फाटक स्थित साई लॉन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ बरेली के प्रख्यात न्यूरो सर्जन डॉ. राजेश कुमार महाजन ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन राहुल तिवारी ने किया। शिविर की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी शिवम गुप्ता और साकेत गुप्ता ने संभाली, जबकि रक्तदाताओं के लिए जलपान एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था लव शर्मा और सोमेश साहनी द्वारा की गई। शिविर में कुल 36 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस दौरान रक्तदान के प्रति अपने पुत्रों को प्रेरित करने वाले राजीव जौहरी, संजीव गुप्ता और अनुराग रस्तोगी को “नंबर वन पिता” मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं सपना राय, शुभांगी तिवारी और वासु अग्रवाल को “नंबर वन माँ” शील्ड देकर सम्मानित किया गया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने समाज के लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।