पहला क्रमबद्ध रूप से लगने वाला स्थाई स्वास्थ्य महाशिविर 14 जून से होगा प्रारंभ: सौरभ जैन
बरेली । जैन समाज की संस्था श्री महावीर निर्वाण समिति ने बरेली में प्रथम बार स्थाई रूप से लगने वाले “भगवान पार्श्वनाथ स्वास्थ्य महा शिविर” को लेकर जैन मंदिर, रामपुर गार्डन में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की।जैन समाज के मीडिया प्रभारी व राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौरभ जैन ने बताया कि बरेली के इतिहास में पहली बार होने जा रहा है जब स्वास्थ्य महाशिविर श्रृंखलाबद्ध रूप से हर 14वें दिन अर्थात माह में दो बार द्वितीय और चतुर्थ रविवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्थाई रूप से जैन मंदिर, रामपुर गार्डन, निकट संजय कम्युनिटी हॉल के वातानुकूलित धर्मशाला में जैन समाज की संस्था लगाने जा रही है, भगवान महावीर स्वामी के जीव कल्याण के सिद्धांतों को धरातल पर लाने का जैन समाज का यह लघु प्रयास है।
महा शिविर के संयोजक अधिवक्ता सत्येंद्र कुमार जैन ने बताया कि एलोपैथिक, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक विधा के हृदय, अस्थि, स्त्री, न्यूरो, कैंसर, मधुमेह, चेस्ट, त्वचा, नेत्र, ई.एन.टी, दंत, बाल रोग आदि चिकित्सीय क्षेत्रों के ढाई दर्जन से अधिक अनुभवी, प्रतिष्ठित, सेवाभावी, वरिष्ठ विशेषज्ञ सहित सर्जन व फिजिशियन भी अपनी सेवाएं महा शिविर में देंगे।
उन्होंने आगे बताया कि सप्ताह के अन्य तीन दिनों में सांय 6 बजे से 7 बजे तक महा शिविर के मरीजों को फॉलो अप देने के लिए एक विशेषज्ञ जैन मंदिर रामपुर गार्डन में बैठा करेंगे।समिति के सहयोगी व्यवसायी मनीष जैन ने बताया कि कुछ आवश्यक दवाएं निःशुल्क व पेटेंट दवाओं पर 25% व जेनेरिक दवाओं पर 50% की छूट के साथ ही शहर के जाने-माने पैथोलॉजी व जांच केंद्रों पर जांच में 50% की छूट भी रोगियों को दिलाई जाएगी।डॉ पी.के. जैन ने बताया कि महा शिविर के रोगियों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन फ़ेको विधि से लेंस, चश्मा, एडमिशन, भोजन, परिवहन के साथ निशुल्क निजी मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा। होम्योपैथिक औषधालय पूर्व के समान प्रतिदिन प्रात: 9:00 बजे से 11:00 बजे तक गतिमान रहेगा।प्रेस कॉन्फ्रेंस में समिति ने बताया कि पंजीकरण शुल्क मात्र ₹20 रखा गया है जिसमें बजन, ब्लडप्रेशर, ऑक्सीजन, शुगर, ईसीजी, बीएमडी व पीएफटी जाँच मेदांता अस्पताल गुरूग्राम द्वारा निःशुल्क की जाएगी।
अंत में, समिति ने अपील की है कि महा शिविर के बारे में अपने आसपास के लोगों सहित दूर दराज के लोगों को भी अवश्य बताएं, जिससे शहर के साथ साथ बरेली के आसपास के क्षेत्र के मरीज भी महा शिविर का लाभ नियमित रूप से उठा सकें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपरोक्त महानुभावों के अलावा समिति से सर्व श्री सुनील जैन, धनंजय जैन, अतुल जैन, नीति जैन आदि उपस्थित रहे।















































































