बरेली। श्री हरि गोविंद सिंह साहिब जी के प्रकाश पर्व एवं आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पंजाबी महासभा महिला इकाई द्वारा रूहेलखंड आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के सहयोग से आयोजित 7 दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का शुभारंभ जनकपुरी स्थित गुरुद्वारे के पीछे गोल पार्क में किया गया।शिविर के पहले दिन क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।इस अवसर पर पंजाबी महासभा महिला इकाई की अध्यक्ष मनीषा आहूजा ने कहा कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है। हमारी संस्था समय-समय पर समाज एवं अपने सदस्यों के लिए ऐसे जनहितकारी आयोजन करती रहती है। यह योग शिविर केवल महिला इकाई की सदस्यों के लिए नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए खुला है और सभी लोग इसका लाभ उठा सकते हैं।”उन्होंने बताया कि यह योग शिविर 16 जून तक प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में शामिल होकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की।