बेटी और मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान की मिसाल, पांचवें शिविर में 48 यूनिट रक्त संग्रह
बदायूँ। समाजसेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए समाजसेवी लवकेश गुप्ता ने अपनी पुत्री मीशिका गुप्ता तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर पांचवें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। सिविल लाइन स्थित बदायूं चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 48 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने का संकल्प लिया।रक्तदान शिविर का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है, जिससे अनेक लोगों को नया जीवन मिलता है।शिविर में अधिवक्ता मोहित पाण्डेय विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने 14वीं बार रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2012 से नियमित रूप से रक्तदान कर रहे हैं।

उनका कहना था कि रक्तदान से शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह व्यक्ति को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने में सहायक होता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की।आयोजक लवकेश गुप्ता ने बताया कि वह अपनी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर पिछले पांच वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित कर रहे हैं और भविष्य में भी यह सेवा कार्य जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि रक्त की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद की जान न जाए, यही इस अभियान का उद्देश्य है। रक्तदान के माध्यम से न केवल किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि उसके पूरे परिवार में खुशियां लौटाई जा सकती हैं।शिविर में मनोज राठौर, अरुण राठौर, ज्योति गुप्ता, जयंत माथुर, आयुष गुप्ता, सौरभ साहू, रिंकू कुमार, निर्दोष शर्मा, आलोक शर्मा, अमित वार्ष्णेय, हेमंत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाजसेवियों ने रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि “रक्तदान महादान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि मानव जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है।















































































