बदायूँ। बरेली जोन की अंडर-19 क्रिकेट टीम में बदायूं के तीन होनहार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन के दम पर अपनी जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों के चयन की खबर मिलते ही खेल प्रेमियों और क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है। गत माह यू.पी.सी.ए. द्वारा आयोजित अंडर-19 क्रिकेट टीम चयन प्रक्रिया के अंतर्गत बरेली स्थित निशांत पटेल स्टेडियम में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।प्रतियोगिता में बदायूं के खिलाड़ी अरुण कुमार ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए दो मैचों में क्रमशः 68 और 85 रन बनाए। वहीं सारांश भारद्वाज ने अपनी लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए दो मैचों में कुल 6 विकेट झटके। इसके अलावा ओम हरि यादव ने मध्यम तेज गेंदबाज के रूप में दो मुकाबलों में 5 विकेट हासिल कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।इसके साथ ही अतिरिक्त खिलाड़ियों की सूची में सिद्धार्थ अधाना को विकेटकीपर तथा सौरव यादव को बल्लेबाज के रूप में स्थान दिया गया है।एसोसिएशन के सचिव संतोष शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बरेली जोन की टीम 25 मई को प्रातः 7:30 बजे लखनऊ (ए) के खिलाफ 45 ओवर का मुकाबला खेलेगी। यह मैच जी.सी.आर.जी. क्रिकेट मैदान, लखनऊ (निकट बक्शी का तालाब, चंद्रिका देवी रोड) पर आयोजित होगा।खिलाड़ियों के चयन पर एसोसिएशन अध्यक्ष दीपक सक्सेना एवं उपाध्यक्ष रविंद्र मोहन सक्सेना ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आर.पी. शर्मा (लेफ्टिनेंट), अमरीश गोयल, एमपी सिंह, राहुल चौबे, रूपेंद्र सिंह लांबा, अखिलेश पांडे, फिरोज खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।