बदायूं । आसमान से बरसती आग, तपती सड़कें और गर्म हवाओं के थपेड़ों के बीच गांधी नेत्र चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर भारत स्काउट गाइड संस्था द्वारा संचालित निशुल्क शीतल जल सेवा शिविर लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। शिविर के 21वें दिन स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों ने भीषण गर्मी में राहगीरों और दूर-दराज से आए यात्रियों को शीतल जल पिलाकर उनकी प्यास बुझाई। शीतल जल ग्रहण करने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल रही है। ऐसे समय में प्यासे लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराना सबसे बड़ी मानव सेवा है। उन्होंने कहा कि जल प्रकृति का अनमोल वरदान है और इसकी प्रत्येक जीवनदायिनी बूंद को बचाएं।जिला संगठन कमिश्नर मु. असरार ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। ऐसे में स्काउट गाइड संस्था लोगों की प्यास बुझाने के साथ जल का महत्व बता रही है।पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउट गाइड निस्वार्थ सेवा और अनुशासन की भावना से समाज के बीच कार्य कर रहे हैं। भीषण गर्मी में यह शीतल जल सेवा शिविर मानवता की मिसाल बन रहा है। उन्होंने कहा कि युवा जल संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और जरूरतमंदों की सहायता करें। शिविर में फरदीन अहमद, जानवी गौतम, वंशिका वर्मा, आराध्या पटेल आदि मौजूद रहे।