बदायूं। गांधी नेत्र चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में चल रहे निशुल्क शीतल जल सेवा शिविर के 18 वें दिन स्काउट गाइड ने भीषण गर्मी में राहगीरों और दूर-दराज से आए यात्रियों को शीतल जल पिलाकर उनकी प्यास बुझाई। शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे जिला मुख्यालय आयुक्त कृपाल सिंह ने स्काउट गाइड के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ सेवा का अवसर सौभाग्यशाली लोगों को ही प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि दूसरों की सहायता करने से आत्मिक शांति का अनुभव होता है।जिला संगठन कमिश्नर मु.असरार ने कहा कि जल ही जीवनी शक्ति है। वर्तमान समय में लगातार घटते जल स्रोत और पेड़ों की कटाई प्रकृति की गंभीर चेतावनी हैं। आने वाली पीढ़ियों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जल का सद्पयोग के साथ पौधारोपण करें।पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि जल अमृत है।बढ़ती गर्मी, पेड़ों की कमी और जल की बर्बादी ने चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाएं। केदारनाथ महिला इंटर कालेज की शिक्षिका मीनाक्षी गुप्ता, सोनम साहू, जानवी गौतम, वंशिका वर्मा, माही पटेल आराध्या पटेल, फरदीन अहमद, नवनीत कौर, आशिया, रुबीना आदि मौजूद रहीं।