बदायूं। मंडलीय स्वास्थ्य प्रशासन की सख्ती अब जिले के सरकारी अस्पतालों में दिखाई देने लगी है। एडी हेल्थ डॉ. तेजपाल ने गुरुवार को जिला पुरुष अस्पताल एवं जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में कई अव्यवस्थाएं सामने आने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एडी हेल्थ डॉ. तेजपाल ने जिला पुरुष अस्पताल में सीटी स्कैन यूनिट, आई विभाग, इमरजेंसी वार्ड, हड्डी वार्ड, डायलिसिस यूनिट, ब्लड बैंक समेत विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा स्टाफ की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कमियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को फटकार भी लगाई गई।निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रियाज भी मौजूद रहे। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी।वहीं जिला महिला अस्पताल में भी एडी हेल्थ ने वार्डों और विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को जल्द सुधार करने के निर्देश दिए।एडी हेल्थ ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।