बदायूं में ‘पीरियड पाठशाला–0.2’ के अंतर्गत किशोरियों को दी गई मासिक धर्म एवं स्वच्छता की जानकारी
बदायूँ। होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में ‘पीरियड पाठशाला–0.2’ अभियान के अंतर्गत आज महर्षि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बदायूं में एक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती मंजू सक्सेना द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य और आत्म-देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने किशोरियों को प्रथम बार मासिक धर्म आने पर बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार अपनाने तथा इस विषय से जुड़ी झिझक और भय को दूर करने पर विशेष बल दिया। साथ ही छात्राओं को प्रेरित किया कि वे इस विषय पर अपने माता-पिता एवं शिक्षकों से खुलकर संवाद करें।मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक अंधविश्वासों पर भी प्रकाश डाला गया और उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाते हुए दूर करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर श्रीमती पूनम सागर ने पीरियड्स के दौरान स्वच्छता प्रबंधन, उसके महत्व तथा गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
संस्था द्वारा संचालित इस अभियान के अंतर्गत बदायूं जनपद एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की 10 वर्ष से अधिक आयु की किशोरियों के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में मासिक धर्म के प्रारंभिक चरण, स्वच्छता प्रबंधन, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की पूरी टीम एवं विद्यालय की महिला शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। विशेष रूप से श्रीमती वंदना पांडे, श्रीमती नीलम भदौरिया आदि की महत्वपूर्ण भूमिका सराहनीय रही।कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने प्रश्न पूछे और मार्गदर्शन प्राप्त किया। यह पहल किशोरियों के स्वास्थ्य, जागरूकता और आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावी एवं सराहनीय कदम सिद्ध हो रही है।















































































