बरेली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए मीरगंज ब्लॉक के अति संवेदनशील ग्राम बल्लिया और धनेटा का निरीक्षण किया। इसके साथ ही हुरहुरी पीएचसी पर आयोजित आरोग्य मेले का भी निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान ग्राम सभाओं में साफ-सफाई, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई में कमी पाई गई। कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए एडीओ पंचायत, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।उन्होंने कार्ययोजना बनाकर नियमित साप्ताहिक एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही ग्रामीणों को फुल बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने, आसपास सफाई रखने और बुखार होने पर तुरंत जांच कराकर पूरा इलाज लेने की सलाह दी।निरीक्षण के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी, सीएचसी अधीक्षक, मलेरिया निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, प्रधान, सीएचओ, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 17 मलेरिया और 3 डेंगू के मामले सामने आए हैं।