बरेली। गरीब शक्ति दल ने बरेली में एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) की स्थापना की मांग को लेकर आवाज उठाई है। संगठन प्रमुख मनोज विकट के निर्देश पर कार्यकर्ता संजीव सागर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान संजीव सागर ने कहा कि बरेली में लंबे समय से एम्स बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला जेल में बंद कैदियों बंदियों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते उनकी मौत हो जाती है। जेल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं और मरीजों का सही उपचार नहीं हो पाता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बरेली में जल्द से जल्द एम्स की स्थापना की जाए, ताकि कैदियों, बंदियों और गरीब जनता को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। ज्ञापन देने वालों में तस्लीम, राबिया, संजीव सागर, गुलाम साबिर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।