बरेली । मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान एवं “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेडियम रोड नंबर-4 पर खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की सदस्या पुष्पा पांडे ने की, जबकि जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा एवं क्षेत्रीय पार्षद सुधा सक्सेना भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत सदस्या द्वारा प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से हुई। यह वाहन भोजीपुरा, फरीदपुर, क्यारा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिला कल्याण विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा। इसके बाद रेलवे स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ और कबड्डी शामिल रही, जिसमें विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ प्रतियोगिता में जीडी मेमोरियल पब्लिक इंटर कॉलेज की छात्रा धमशिखा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर हाई स्कूल चौपारा की निशा द्वितीय और चंद्र प्रकाश मेमोरियल इंटर कॉलेज की तुलसी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं कबड्डी प्रतियोगिता में रोशनी, ट्विंकल, सरला, मीनू, सलोनी, जीतू और पलक की टीम विजेता रही। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को मेडल, मोमेंटो और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” कैप देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को ट्रैकसूट वितरित किए गए। साथ ही उपस्थित छात्राओं और दर्शकों को रिफ्रेशमेंट भी दिया गया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों को सशक्त बनाना और उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ाना रहा।