उझानी:- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी अजय पाल सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मानित किया गया। नेपाल में आयोजित इंटरनेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर तिरंगा फहराने पर उन्हें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा बधाई दी गई।नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिपुरेश्वर दशरथ रंगशाला इंडोर हॉल में 19 से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित चतुर्थ माउंट एवरेस्ट क्योरुगी एवं द्वितीय पूमसे (WT, G-1) इंटरनेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अजय पाल सिंह ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। सीनियर पूमसे टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया।उनकी इस उपलब्धि पर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिला महामंत्री जोगेंद्र राठौर एवं बदायूं ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजन मेंहदी रत्ता ने पीडब्ल्यूडी रोड स्थित कैंप कार्यालय पर पटका पहनाकर और पदक के साथ उनका जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि अजय पाल सिंह ने नेपाल में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है जिसपर सभी जिले वासियों को गर्व है।बताया गया कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 28 देशों के 2000 से अधिक खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों ने भाग लिया, जिसमें अजय पाल सिंह की उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।