बदायूँ । मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रामेश्वर मिश्र ने बताया कि जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अप्रैल माह में विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान संचालित होगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभाग भी मिलकर जागरूकता और रोकथाम के कार्य करेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 28 मार्च तक माइक्रोप्लान तैयार कर लिया जाएगा और 30 मार्च को जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक होगी।उन्होंने बताया कि अभियान की तैयारियों के तहत 23-24 मार्च को ब्लॉक स्तर पर नोडल अध्यापकों का संवेदीकरण बैठक, 24 से 27 मार्च तक नगर निकायों में संवेदीकरण बैठकें और 27-28 मार्च को ब्लॉक स्तरीय ग्राम प्रधान/ग्राम विकास अधिकारी संवेदीकरण बैठकें होंगी। दस्तक अभियान से पहले 4 से 8 अप्रैल के बीच आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण भी कराया जाएगा। प्रशासन ने सभी विभागों को समय से तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं।