शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में चल रही मुमुक्षु क्रिकेट लीग में दसवें दिन का मैच स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज की टीम आर्ट-11 तथा स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय की टीम एसएसएलसी-11 के मध्य खेला गया। खेल के मैदान पर मौजूद दर्शकों की भीड़ का रोमांच एवं उत्साह देखने के काबिल था। मैच का टॉस आर्ट-11 टीम ने जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। आर्ट-11 टीम ने 16 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 229 रनों का भारी स्कोर खड़ा किया। एसएसएलसी-11 की टीम ने जवाबी पारी में बेहतरीन प्रदर्शन किया लेकिन लक्ष्य के दबाव में यह टीम 16 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर महज 162 रन ही बना सकी। नतीजतन जीत आर्ट-11 के नाम रही। 37 गेंदों पर 4 छक्के और 7 चौके जड़कर 62 रन बनाने वाले आर्ट-11 के खिलाड़ी डॉ नीलू कुमार को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। इन्होंने विपक्षी टीम को 30 रन देकर 2 विकेट भी लिए। वहीं आर्ट-11 के ही खिलाड़ी डॉ प्रांजल शाही ने 28 गेंदों पर ताबड़तोड़ 9 छक्के एवं 6 चौके लगाकर 87 रन हासिल किए। खेल की बेहतरीन एवं प्रभावशाली कमेंट्री डॉ संदीप अवस्थी एवं डॉ अंकित अवस्थी के द्वारा की गई। इस मौके पर खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई हेतु कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव डॉ अवनीश मिश्र, प्रो प्रभात शुक्ला, डॉ शालीन सिंह, डॉ शिशिर शुक्ला, डॉ राजीव कुमार, डॉ रमेश चंद्रा, डॉ हर्ष पाराशरी, डॉ प्रीति, व्याख्या सक्सेना, चंद्रभान त्रिपाठी सहित भारी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।