बरेली। गौकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आंवला पुलिस को देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी। मुखबिर की सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने गौकशी के वांछित मुख्य अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घटना के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई जारी है। घटना व पुलिस कार्रवाई शनिवार देर रात लगभग 2:30 बजे वउनि राजेश बाबू मिश्रा अपनी टीम के साथ गौकशी के मुकदमों में वांछित अभियुक्तों की तलाश में गश्त पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि हाल ही में हुई गौकशी की घटना का मुख्य आरोपी अपने साथी के साथ बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से वजीरगंज की ओर से आते हुए पुनः अपराध की योजना बना रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम मनोना मार्ग पर घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखकर दोनों अभियुक्तों ने रुकने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त मेहरबान उर्फ लुक्का पुत्र मुईनुद्दीन निवासी निजामपुर पस्तौर, थाना बिनावर (बदायूँ) के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी नाजिम पुत्र छोटे निवासी मनोना, अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल अभियुक्त को अस्पताल भेजा गया, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु दबिशें जारी हैं। आरोपी के पास से एक देसी तमंचा 315 बोर , दो जिंदा व नाल में फँसा एक खोखा कारतूस , एक छुरा , तीन रस्सियाँ ,बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है । पुलिस टीम में कुंवर बहादुर सिंह, प्रभारी निरीक्षक, आंवला, व उप निरक्षक राजेश बाबू मिश्रा , उप निरीक्षक बिहारीलाल , उप निरीक्षक राजेश कुमार रावत , उप निरीक्षक सचिन कुमार, हेड कांस्टेबल वेदप्रकाश, हेड कांस्टेबल सत्यवीर सिंह , हेड कांस्टेबल जफरूद्दीन और अमरेश कुमार थे।