सामूहिक दुष्कर्म मामले में पांच माह से फरार भाजपा मंडल मंत्री भूदेव सिंह गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
मुरादाबाद। सिविल लाइंस पुलिस ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पांच माह से फरार चल रहे अगवानपुर मंडल के भाजपा मंडल मंत्री भूदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पीड़ित महिला ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल और एडीजे बरेली को शिकायती पत्र भेजा था। छजलैट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने जुलाई 2023 में सिविल लाइंस थाने में सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप था कि बिजनौर जाते समय उसकी मुलाकात कोकरपुर निवासी राहुल शर्मा से हुई थी। राहुल ने नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और कुछ दिन बाद उसे हरथला के एक मकान में ले गया, जहां पहले से भाजपा मंडल मंत्री भूदेव सिंह, सचिन और अन्य लोग मौजूद थे। वहां सभी ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचा दिखाकर धमकी भी दी। पुलिस कार्रवाई में राहुल और अरुण को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि शुरुआती विवेचना में भूदेव और सचिन के नाम हटा दिए गए थे। लेकिन पीड़िता ने न्यायालय में बयान दर्ज कराकर इस पर आपत्ति जताई। इसके बाद कोर्ट के निर्देश पर दोनों के नाम दोबारा मुकदमे में शामिल किए गए।
कोर्ट ने भूदेव को पेश होने के लिए तलब किया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। न पहुंचने पर न्यायालय ने उसके खिलाफ दो बार वारंट जारी किए। प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि वारंट की कार्रवाई के चलते बुधवार को भूदेव को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उधर भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल का कहना है कि भूदेव को फंसाया गया है।
