बरेली। बनारस में आयोजित प्रदेश स्तरीय एथलेटिक प्रतियोगिता में बरेली स्टेडियम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। कोच अजय कश्यप के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे इन बच्चों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मोहित शर्मा ने 400 मीटर हर्डल्स और 110 मीटर हर्डल्स दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर बरेली का नाम रोशन किया। महिला वर्ग में दीपू कश्यप ने 400 मीटर हर्डल्स और 100 मीटर हर्डल्स में रजत पदक हासिल किया। वहीं योगिता ने गोला फेंक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। ऋतिक ने 800 मीटर दौड़ में शानदार प्रतिभा का परिचय देते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। ऋतिक की पारिवारिक स्थिति बेहद दयनीय है। उनके पिता साइकिल पर फेरी लगाकर सामान बेचते हैं, और हाल ही में उनकी बड़ी आंत का ऑपरेशन हुआ है। घर की आर्थिक स्थिति नाजुक होने के बावजूद ऋतिक ने कठिन परिस्थितियों को पीछे छोड़ अपनी खेल प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। कोच अजय कश्यप ऐसे ही जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर खेल जगत में नई पहचान दिलाने का कार्य कर रहे हैं। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती चंचल, एथलेटिक्स संघ के सचिव गजेंद्र तोमर, पंकज, सत्यवीर, संजय, पुष्पेंद्र, अरविंद राणा, बलवंत, हसीब आदि ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।