अल्मोड़ा।ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब का लालच देकर साइबर ठग गैंग ने एसएसबी में तैनात हेड कॉन्स्टेबल से 1,32,000 की ठगी कर ली। पीड़ित जवान ने कोतवाली रानीखेत में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मूल रूप से ग्राम फेजपुर निनाना, थाना बागपत, जिला बागपत निवासी अंकुर कुमार एसएसबी गनियाद्योली रानीखेत में बतौर हेड कॉन्स्टेबल तैनात हैं। अंकुर को दो अक्तूबर की दोपहर करीब 12:10 बजे एक अनजान व्हाट्सएप मैसेज आया। बातचीत बढ़ने पर उस व्यक्ति ने उन्हें पार्ट टाइम जॉब का आकर्षक ऑफर दिया। इसके बाद संदिग्ध व्यक्ति ने अंकुर को टेलीग्राम एप पर जोड़ने के लिए एक कोड भेजा। कोड एक्टिवेट करते ही पीड़ित को टेलीग्राम के एक ग्रुप में शामिल कर लिया गया जहां हर 25 मिनट में एक नया टास्क पूरा करने का दावा किया जाता था। ग्रुप संचालकों ने अंकुर कुमार से 9,000 का पहला टास्क पूरा करने को कहा। इसके बाद लगातार तीन और टास्क दिए गए और हर बार अलग-अलग यूपीआई आईडी पर रुपये जमा करने को कहा गया। ग्रुप एडमिन दावा करते रहे कि टास्क पूरा होने पर रकम दोगुनी होकर वापस कर दी जाएगी।विश्वास में आकर पीड़ित एसएसबी जवान ने 1,32,000 रुपये यूपीआई आईडी पर भेज दिए। कुछ ही देर बाद ग्रुप से संपर्क टूट गया और उसे एहसास हुआ कि यह पूरा जॉब ऑफर एक साइबर ठगी था। अंकुर कुमार ने तहरीर में बताया कि यह पूरा ग्रुप राहुल शर्मा नामक व्यक्ति संचालित कर रहा था। ठगी का पता लगते ही उन्होंने तत्काल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।