कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ढोलना थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र और छात्रा ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई, जबकि छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, विरसुआ गांव की रहने वाली छात्रा राणा इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थी। वहीं बरवा गांव निवासी 19 वर्षीय युवक मनपाल सिंह इंटर कॉलेज में 12वीं में पढ़ता था। दोनों के बीच पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार की दोपहर करीब 2:15 बजे दोनों ने एक साथ जहरीले पदार्थ का सेवन किया। बताया जा रहा है कि उस दिन दोनों अपने-अपने कॉलेज नहीं गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे उन्हें कासगंज के घड़ी अड्डा के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने साथ में देखा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। छात्रा के परिवारवालों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शाम को ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रेम प्रसंग से जुड़े कारणों की तहकीकात कर रही है।